बड़ी संख्या में धर्म परिवर्तन, पुलिस ने रुकवाई प्रार्थना सभा, 2 लोगों को किया डिटेन


के कुमार आहूजा  2024-09-02 09:34:30



बड़ी संख्या में धर्म परिवर्तन, पुलिस ने रुकवाई प्रार्थना सभा, 2 लोगों को किया डिटेन

भरतपुर जिले के बयाना कस्बा में एक बार फिर धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां एक घर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों को प्रार्थना सभा के नाम पर बुलाकर ईसाई धर्म अपनाने का प्रलोभन दिया जा रहा था। कुछ हिंदू संगठनों के लोगों ने इसका विरोध किया। एसएचओ बलराम यादव ने बताया कि बिना अनुमति आयोजित की जा रही ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा को बंद कराया गया है। साथ ही ईसाई धर्म का प्रचार करने वाले दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर को बयाना कस्बा के भीम नगर के एक मकान के अंदर बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों को इकट्ठा कर ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। यहां महिला-पुरुषों को तमाम बीमारियां दूर करने और ईसाई धर्म अपनाने के फायदे बताए जा रहे थे। साथ ही कुछ महिला-पुरुषों को ईसाई धर्म अपनाने पर पैसों का प्रलोभन भी दिया जा रहा था। 

जब इस बात की भनक स्थानीय हिंदू संगठन के लोगों को लगी, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर बयाना सीओ अमर सिंह, बयाना सदर थाना प्रभारी बलराम यादव, एसडीएम राजीव शर्मा आदि मौके पर पहुंचे।

गौरतलब है कि पूर्व में भी भरतपुर जिले के अलग-अलग हिस्सों में धर्म परिवर्तन के मामले सामने आ चुके हैं। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव पीपला, शहर के अलग-अलग हिस्सों में और कुम्हेर क्षेत्र में भी धर्म परिवर्तन के मामले हो चुके हैं। ईसाई धर्म का प्रचार करने और धर्म परिवर्तन कराने वाले अधिकतर लोगों के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं।


global news ADglobal news ADglobal news AD