अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नेता तक नही बनवा सके 700 मीटर की पक्की सड़क 


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-08-17 13:19:51



अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नेता तक नही बनवा सके 700 मीटर की पक्की सड़क 

 कीचड़ भरे रास्ते के बीच से होकर किसान कार्यालय जाने को मजबूर

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा (अशोक दीवान) ब्लाक मुख्यालय पोड़ी उपरोड़ा के नागोइ बछेरा में संचालित नर्सरी कार्यालय तक मुख्यमार्ग से प्रवेश देने वाला 700 मीटर का कच्चा रास्ता इन दिनों कीचड़ से सना हुआ है। हालात यह है कि इस कार्यालय में आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलना जहां मुश्किल हो रहा है, वहीं हर दिन चारपहिया वाहन भी फंस रहे है। मांग के बाद भी इस ओर अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नेता किसी ने अबतक ध्यान नही दिया है। 

नर्सरी कार्यालय शासन से संचालित एक ऐसा शासकीय संस्थान है, जहां जनप्रतिनिधि, नेताओं का अक्सर आनाजाना लगा रहता है, क्योंकि वे खुद एक किसान हैं। इसके अलावा नर्सरी संबंधित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ब्लाक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की भी आवाजाही इस विभाग में लगी रहती है। लेकिन इसके बाद भी 700 मीटर का कीचड़ से सराबोर रास्ता किसी के ध्यान में न आना दुर्भाग्य ही कहा जा सकता है। तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नेताओं, ग्रामीणों और किसानों का नर्सरी कार्यालय तक पहुँचना इसी रास्ते से होता है। ग्रामीणों की बार-बार मांग के बावजूद किसी ने इस 700 मीटर कच्चे रास्ते के पक्कीकरण में अपनी सक्रियता नही दिखाई। 

इसी मार्ग के आस-पास गंदा पानी बहता हुआ नजर आता है। जिससे कीचड़ के हालात पैदा हो जाते हैं। बारिश के समय मे तो पूरा का पूरा रास्ता कीचड़ में डूब जाता है, तब कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और खाद, बीज, पौधों व नर्सरी उपकरण के लिए यहां आने वाले ग्रामीण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसी अनिष्ट की आशंका मन में लिए दोपहिया वाहन तो फिर भी ग्रामीण इस रास्ते पर ले जाते हैं किंतु चारपहिया वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं। 

समस्या को लेकर स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमार्ग से नर्सरी कार्यालय तक 700 मीटर के मुख्य रास्ते का कंक्रीटीकरण निर्माण कार्य के लिए अनेको बार ग्राम सरपंच, जनपद अधिकारी, और कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों व नेताओं को आवेदन/निवेदन किया गया लेकिन पक्का सडक़ बनवाने में किसी ने रुचि नहीं ली। जिसके कारण मार्ग की हालत बद से बदतर होती जा रही है। जिस कीचड़ भरे रास्ते से होकर वे तथा ब्लाक क्षेत्र के लोग कार्यालय तक पहुँचते है।

शर्म आनी चाहिए जनप्रतिनिधियों व नेताओं को

कहने को तो पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में अनेकों सत्तासीन व विपक्ष के नेता है, जो समय-समय पर अपनी उपस्थिति दर्शाते रहते हैं। वहीं जनप्रतिनिधि भी अन्य कार्यों में अपनी सक्रियता दिखाते है। लेकिन इस बात पर इन्हें शर्म आनी चाहिए कि किसान हित मे संचालित नर्सरी कार्यालय के 700 मीटर मार्ग का कायापलट नही करा पा रहे हैं। जबकि इन जनप्रतिनिधि व नेताओ का खुद यहां आनाजाना लगा रहता है। बावजूद इसके पक्की सड़क का निर्माण न होना इनकी निष्क्रियता को दर्शित करता है। 

इसके अलावा पंचायत द्वारा भी ग्राम विकास पर प्रतिवर्ष लाखों रुपए खर्च किये जाते है, जगह- जगह सीसी रोड का निर्माण कराया जाता है, परंतु नर्सरी कार्यालय जाने वाले रास्ते पर पक्की सड़क के निर्माण कार्य की दिशा में सार्थक पहल नही की जा रही है। इससे प्रदर्शित हो रहा है कि पोड़ी उपरोड़ा ब्लाक के शिकायत, सुझाव व विकास को लेकर यहां के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व नेता कितने गंभीर है।


global news ADglobal news ADglobal news AD