याद करो इनकी भी क़ुर्बानी.! आज फिर याद आया  जख्मों का  वो दर्द, दहशत का वह दिन, उफ्  क्या बताऊं


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-08-17 04:33:02



१४ अगस्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर—

याद करो इनकी भी क़ुर्बानी.! आज फिर याद आया  जख्मों का  वो दर्द, दहशत का वह दिन, उफ्  क्या बताऊं 

मेरे दोस्त पुरषोत्तम लाल मेहता की आपबीती 

दरअसल भारत विभाजन का घाव इतना गहरा है कि आज भी दर्द महसूस होता है। उस समय मेरे परिवार में कुल 14 सदस्य थे और 11 को मुसलमानों ने मार दिया। मैं, तीन साल की मेरी चचेरी बहन और मेरे पिताजी ही बचे थे। मैं साढ़े 10 साल का था। भारत विभाजन के बाद हम लोगों को इतना प्रताड़ित किया गया कि वहां से पलायन करना पड़ा।

हम सभी पिंड दादनखान में 23 सितंबर, 1947 को एक मालगाड़ी में बैठे। शाम को हमारी गाड़ी कामुकी मंडी पहुंची। यह मंडी लाहौर और गुजरांवाला के बीच है। कुछ देर में पुलिस आई और कहने लगी, ‘‘जिनके पास भी हथियार हैं, वे जमा करा दें, क्योंकि उन्हें भारत नहीं ले जा सकते।’’

यह उनकी चाल थी। यह सब जानते हुए भी हिंदुओं ने अपने हथियार उन्हें दे दिए। इसके बाद 24 सितंबर की तड़के सैकड़ों मुसलमान आए और कहने लगे, महंगे सामान और पैसे जमा कर दो, नहीं तो सभी मारे जाओगे। फिर उन लोगों ने जवान लड़कियों और महिलाओं को उतार लिया।

इन सबके बाद मुसलमान हर डिब्बे में तलवारों के साथ घुस गए और एक तरफ से हिंदुओं को काटना शुरू कर दिया। गाड़ी में 40 डिब्बे थे और हर डिब्बा खचाखच भरा हुआ था। अनुमान है कि गाड़ी में 6,000 हिंदू थे। इनमें लगभग 500 हिंदू ही बचे, लेकिन सभी घायल। मेरी आंखों के सामने ही मेरी मां, चाचा और अन्य संबंधियों को मार दिया गया। जब एक मुसलमान ने मेरे चाचा पर हमला किया तो उन्होंने मुझे अपने नीचे दबा लिया। उन्हें तलवार से काट दिया गया। वे 45 साल के थे। चाचा पर हमले के दौरान मेरी गर्दन और अंगुलियों पर तलवार की नोक लगी। उसके निशान आज भी हैं। मैं डर के मारे शवों के साथ दुबक गया।

यह मारकाट देर तक चली। इसी दौरान हिंदू सेना, जो पाकिस्तान से भारत लौट रही थी, की नजर हमारी गाड़ी पर पड़ी। उन्होंने हमलावरों को भगाया और घायलों को गुजरांवाला के एक अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में सभी डॉक्टर मुसलमान थे। हिंदू सेना ने चिकित्सकों को धमकाते हुए कहा कि यदि कोई घायल मरा तो तुम लोग भी नहीं बचोगे। इसके बाद उन्होंने घायलों का ठीक से इलाज किया। गुजरांवाला में हम लोग करीब 15 दिन रहे। उस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने हम लोगों की बड़ी मदद की। उन्होंने खाने और ठहरने की व्यवस्था की और उन्हीं की देखरेख में हम भारत आने के लिए दोबारा गाड़ी में बैठे।—— कहानी तो विभाजन की पीड़ा झेलनी वाले हर व्यक्ति की यही हैं। मेरी भी यही हैं सब कुछ लूटा कर छिपते- छिपाते बीकानेर आये। घर की महिलाओं ने अपने सारे गहने घटरी बांध कर एक मुस्लिम को दी उसने अपने यहाँ तीन दिनों छुपाकर मोका मिलते ही अर्ध रात्रि को ऊँटो पर बैठकर बॉर्डर पार करवाया। ऐसे ही मेरे मित्र डी जे दत्ता की रही उनके पिताश्री ने मुसलमानी पठानी सलवार क़मीज़ पहनी और औरतो ने बुर्का जैसे तैसे बीकानेर आने में कामयाब हुए। आज़ादी मिली, किन मूल्यों पर मिली। ये तो भुक्त भोगी परिवार ही बता सकता हैं आज हम आज़ादी का जश्न मना रहे हैं। लेकिन हम भूल गये उन लाखों लोगो को जो बेघर हुए , दहशतमंदी का शिकार हुए। लाखों लोग मारे गये। हज़ारो महिलाओं की अस्मत लूटी गई। १५अगस्त आज़ादी पर्व पर कम से कम उन्हें याद तो कर लो। ऐ मेरे वतन के लोगो ज़रा याद करो इनकी भी क़ुर्बानी?—————- चिंतक ,विचारक, संपादक (बीकानेर एक्सप्रेस) पूर्व  पी आर ओ मनोहर चावला।


global news ADglobal news ADglobal news AD