वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह एवं साइबर क्राइम जागरूकता वार्ता का आयोजन 


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-08-04 07:52:45



वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह एवं साइबर क्राइम जागरूकता वार्ता का आयोजन 

 

अजमेर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने मार्बल सिटी किशनगढ़ में स्थित आरके पाटनी गर्ल्स कॉलेज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लिया। इस दौरान साइबर क्राइम जागरूकता वार्ता का आयोजन भी किया गया। 

अजमेर के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने मार्बल सिटी किशनगढ़ के आरके पाटनी गर्ल्स कॉलेज में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में शिरकत की। इस समारोह में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाली कॉलेज की मेधावी छात्राओं पुरस्कृत किया गया। बिश्नोई ने अपने संबोधन में छात्राओं को मेहनत और अनुशासन के महत्व को समझाया और उन्हें अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर, बिश्नोई ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी हमारे समाज का भविष्य है और हमें उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन करना चाहिए। शिक्षा और अनुशासन के साथ-साथ समाज में सकारात्मक योगदान देने की भावना को विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

वही, इस अवसर पर साइबर क्राइम जागरूकता वार्ता का आयोजन भी किया गया। इस पर बोलते हुए पुलिस अधीक्षक ने सत्य घटनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को बढ़ते साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया और बचाव के लिए सतर्कता बरतने के बारे अपील की। मोबाइल के बढ़ते प्रचलन पर बिश्नोई ने कहा कि विद्यार्थी जीवन इंसान का स्वर्णिम काल होता है। जहाँ हमें अपने भविष्य को लेकर अपने करियर को लेकर अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। 

उन्होंने छात्राओं को मोबाइल से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया और साथ ही जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल का अधिक उपयोग करने वाले अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा कर देते हैं जो उनके लिए आगे जाकर समस्या का कारण बन सकती है। एक उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आप एक रेस्टोरेंट में कुछ खाते हुए एक सेल्फी डालते हैं। आम आदमी के लिए बेशक उसका कोई उपयोग ना हो लेकिन अपराधिक प्रवृत्ति वाले को यह जानकारी मिल गई कि आप फलां रेस्टोरेंट में जाना पसंद करते हैं और फलां चीज खाना पसंद करते हैं। अब यदि यही क्रम निरंतर चलता रहा तो अपराधी को यह पता चल जाएगा कि आप अक्सर इस समय इस रेस्टोरेंट में आते हो। ऐसी अनेक जानकारियाँ हम अपने विषय में अपराधियों तक खुद पहुंचा देते हैं जो भविष्य में हमारे लिए ही खतरनाक साबित हो सकती हैं।

कार्यक्रम में सीओ सिटी महिपाल चौधरी सहित अनेक पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कॉलेज प्रबंधन समिति के निदेशक एवं सचिव सुभाष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष महावीर कोठारी, दिगंबर जैन समाज के प्रकाश पाटनी ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए। 

 

आरके पाटनी गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ शैलेंद्र पाटनी ने अतिथियों का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया। 

गौरतलब है कि किशनगढ़, जिसे मार्बल सिटी के नाम से जाना जाता है, अपने विशाल मार्बल उद्योग के लिए प्रसिद्ध है। यहां का आरके पाटनी गर्ल्स कॉलेज एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान है, जो छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विविध सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर प्रदान करता है। इस कॉलेज का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह छात्राओं के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए आयोजित किया जाता है।

किशनगढ़ और आरके पाटनी गर्ल्स कॉलेज दोनों ही शिक्षा और उद्योग के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इस वार्षिक समारोह के माध्यम से, न केवल छात्राओं को सम्मानित किया गया, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने की प्रेरणा भी मिली।


global news ADglobal news ADglobal news AD