महागठबंधन का प्रतिरोध मार्च, सड़क पर उतरे सैकड़ों नेता, कहा- नीतीश सरकार से नहीं संभल रहा बिहार


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-07-21 07:31:19



महागठबंधन का प्रतिरोध मार्च, सड़क पर उतरे सैकड़ों नेता, कहा- नीतीश सरकार से नहीं संभल रहा बिहार

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर पटना में महागठबंधन की ओर से प्रतिरोध मार्च निकाला गया है। राजद, कांग्रेस और वामदल समेत सभी विपक्षी दलों के वरीय नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। वह नीतीश सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। इंडी गठबंधन के नेताओं ने कहा कि बिहार में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। लोग सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस क्राइम कंट्रोल नहीं कर पा रही है। लगातार हो रही वारदातों से लोग सहमे हुए हैं। सीएम नीतीश कुमार बढ़ते अपराध पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। राजद, कांग्रेस और वामदल के नेता व कार्यकर्ता आयकर गोलबंर पर इकट्ठा हुए और जमकर नारेबाजी करने लगे। सभी नेता डीएम ऑफिस की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, पटना पुलिस ने इन्हें रोक लिया। इसके बाद नेताओं ने बिहार सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए। कुछ देर बाद डाक बंगला चौराहा पर प्रतिरोध मार्च समाप्त हो गया। 

राजद ने कहा- सिंहासन खाली करो, जनता आती है

राजद के मुख्य प्रवक्ता मृत्युजंय तिवारी ने कहा कि सिंहासन खाली करो कि जनता आती है। अपराधियों के ताडंव से बिहार कराह रहा है। अपराधी राज बिहार में कायम है। इसके खिलाफ ही महागठबंधन का हल्ला बोल हो रहा है। हमलोग आज प्रतिरोध मार्च पर निकाल रहे हैं। हमलोग सड़क से सदन तक सरकार को घेरेंगे। अब एनडीए से बिहार नहीं संभल रहा है। नीतीश कुमार को कुर्सी का त्याग कर देना चाहिए। तेजस्वी यादव अब मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार में क्राइम कंट्रोल होगा। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बिहार का विकास होगा। जनता खुशहाल रहेगी। 

अखिलेश सिंह बोले- बिहार में कानून व्यवस्था फेल है 

चौंकाने वाली बात यह रही कि इस प्रतिरोध मार्च में राजद के वरीय नेता नई दिखे। लोगों का मानना था कि तेजस्वी यादव भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। लेकिन, वह नहीं दिखे। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था फेल है। अफसरशाही हावी हो गई है। वही लोग सरकार चला रहे हैं। लोगों को भगवान के भरोसे छोड़ दिया गया है। पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। सीएम नीतीश कुमार दिखावा करने के लिए बैठक कर रहे हैं।


global news ADglobal news ADglobal news AD