थम सी गई मुंबई! भारी बारिश के चलते बाढ़ का खतरा बढ़ा 


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-07-21 05:42:28



थम सी गई मुंबई! भारी बारिश के चलते बाढ़ का खतरा बढ़ा 

भारी बारिश के कारण भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई शनिवार को थम सी गई। यहां कल रात भर और आज सुबह से बारिश जारी है। इससे जल्द राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही। दरअसल, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र की राजधानी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप हो गई हैं। 

इन जगहों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 4 से 5 मीटर तक ऊंची लहरें देखी गईं। वहीं, भारी बारिश भी हो रही है। ऐसे में बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। मुंबई और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ठाणे के लिए अधिक गंभीर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई के मध्य में कल 78 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी मुंबई में क्रमशः 57 मिमी और 67 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। 

भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर शहर और जिले में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मैं संभागायुक्त, कलेक्टर और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं और कलेक्टर स्वयं शहर का दौरा कर रहे हैं। स्कूलों को बंद कर दिया गया है और निचले इलाकों में रहने वाले निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में कुछ सड़कें बंद हैं। निर्देश दिए गए हैं कि प्रशासन सतर्क रहे ताकि नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो। नागपुर मंडल में भी गढ़चिरौली के कुछ हिस्सों का संपर्क टूट गया है। संभागायुक्त लगातार सभी जिला कलेक्टरों के संपर्क में हैं। उन्होंने सभी प्रणालियों को अलर्ट मोड पर रखने के लिए भी कहा गया है।

ट्रेनों की आवाजाही हुई धीमी

महाराष्ट्र की राजधानी की सार्वजनिक परिवहन सेवाएं काफी प्रभावित हुई हैं। लगातार बारिश के कारण सड़कों और रेलवे पटरियों पर पानी भर गया है, जिससे उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हो रही है। ट्रेनें निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन पर चूनाभट्टी में पटरियों पर पानी जमा होने के कारण ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई है। इसके अलावा, मध्य रेलवे की मुख्य लाइन को एक ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण अतिरिक्त देरी का सामना करना पड़ा। पश्चिम रेलवे ने कहा कि उपनगरीय सेवाएं चल रही हैं। सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर तीनों लाइन 10 मिनट से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं।

अंधेरी सबवे फिर से खुला

वहीं, अंधेरी सबवे को जलभराव के कारण बंद कर दिया गया था। हालांकि, पानी कम होने के बाद इसे दिन में बाद में खोल दिया गया। ठाणे जिले में आधी रात से भारी बारिश हो रही है। ठाणे वंदना बस डिपो और स्थानीय बाजार में पानी जमा हो गया है, जिससे दैनिक गतिविधियां बाधित हो गई हैं।

सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण सब्जी बाजार के तीन बत्ती इलाके में घुटने तक पानी भर जाने सहित शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया है। बारिश जारी रहने पर कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है।


global news ADglobal news ADglobal news AD