विद्यार्थी सोशल मीडिया का उपयोग केवल शैक्षिक उन्नति के लिए करें - देवेन्द्र बिश्नोई 


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-07-20 19:56:04



विद्यार्थी सोशल मीडिया का उपयोग केवल शैक्षिक उन्नति के लिए करें - देवेन्द्र बिश्नोई 

अजमेर के सोफिया सी. सै. स्कूल में पुलिस विभाग द्वारा साइबर क्राइम जागरूकता सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र बिश्नोई ने विभिन्न दृष्टान्तों के माध्यम से साइबर क्राइम के बारे में छात्राओं को जागरूक किया एवं इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। 

उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि किसी भी विद्यार्थी को सोशल मीडिया का उपयोग केवल अपनी शैक्षिक उन्नति के लिए करना चाहिए। इस बाबत उन्होंने छात्राओं को शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करते हुए, मोबाइल से दूरी बनाते हुए, पूरी लगन और मेहनत के साथ यदि सफलता के प्रयास किए जाएं तो निश्चित ही हमें सार्थक परिणाम प्राप्त होते हैं। 

इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों के लिए भी एक सन्देश दिया कि अपने बच्चों को टाइम पास के लिए मोबाइल ना थमाएं। उसके उपयोग, दुरूपयोग, लाभ और हानि की जानकारी भी बच्चों को दें और उन्हें अपने करियर के प्रति जागरूक करते हुए पूरी लगन से मेहनत करने की शिक्षा दें। 

इससे पूर्व प्राचार्या सिस्टर जेस्सी ने पुलिस अधीक्षक को बुके भेंटकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इस सेमिनार का आयोजन प्रकाश जैन अध्यक्ष इन्टरफेथ के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में छोटेलाल एस.एच.ओ. सिविल लाईन अजमेर द्वारा छात्राओं को नये कानूनों के 1 जुलाई, 2024 से प्रभावी होने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। संस्था के व्याख्याता सुधीर तोमर ने भी नवीन कानूनों और उनकी प्रभावशीलता के बारें में अपने विचार व्यक्त किये।

प्रकाश जैन अध्यक्ष इन्टरफेथ एवं पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र बिश्नोई ने सोफिया सी.सै.स्कूल, अजमेर की नवीन प्रधानाचार्या सिस्टर जेस्सी जोसेफ का शॉल व बुके देकर स्वागत किया।


global news ADglobal news ADglobal news AD