खगड़िया के तत्कालीन एसपी सहित 9 पुलिस अधिकारियों पर केस, मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा   2024-07-15 20:03:11



खगड़िया के तत्कालीन एसपी सहित 9 पुलिस अधिकारियों पर केस, मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप

बिहार में खगड़िया के सीजेएम (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी) की अदालत के आदेश पर चित्रगुप्तनगर थाना में खगड़िया के तत्कालीन एसपी अमितेश कुमार समेत नौ पुलिस अधिकारियों पर मारपीट करने व मोबाइल फोन छीनने आदि के आरोप में केस दर्ज किया गया है। अमितेश कुमार अभी सिवान के एसपी हैं।

यह केस मानसी थाना के तत्कालीन दारोगा अमलेंदू सिंह की ओर से दायर परिवाद की सुनवाई के बाद अदालत के आदेश पर पांच दिन पूर्व दर्ज किया गया है। यद्यपि, लोकसभा चुनाव के पूर्व पुलिस अधिकारियों का तबादला दूसरे जिलों में हो गया है।

क्या है पूरा मामला?

दारोगा अमलेंदू सिंह ने कोर्ट में आरोप लगाया था कि खगड़िया सदर अस्पताल में आरोपितों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। कोर्ट द्वारा सुनवाई के बाद केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए गए हैं।

मानसी में दारोगा रहते अमलेंदू सिंह पर भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज किया गया था और उन्हें भागलपुर जेल भेज दिया गया था।

इधर, चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के से केस (54/2024) दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

किसे-किसे बनाया गया आरोपी?

दर्ज मामले में खगड़िया के तत्कालीन एसपी अमितेश कुमार, तत्कालीन एसडीपीओ सुमित कुमार, तत्कालीन सदर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, तत्कालीन पुलिस निरीक्षक सदर पवन कुमार, तत्कालीन मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार, तत्कालीन मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमलेश कुमार, पुलिस लाइन के तत्कालीन मेजर महेंद्र प्रसाद सिंह व एसआइ निलेश कुमार समेत नौ आरोपी बनाए गए हैं।


global news ADglobal news ADglobal news AD