आम के आम गुठलियों के दाम! सिर्फ कहावत नहीं हकीक़त, आम महोत्सव में गुठली लाएं आम पाएं ऑफर


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा  2024-06-15 08:19:11



आम के आम गुठलियों के दाम! सिर्फ कहावत नहीं हकीक़त, आम महोत्सव में गुठली लाएं आम पाएं ऑफर 

छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव को देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंचे। इस बीच प्रकृति की ओर संस्था ने आम महोत्सव देखने आने वालों के लिए बेहतरीन ऑफर दिया। ऑफर के अनुसार, आम की पांच गुठली लाने पर लोगों को एक आम फ्री में दिया गया। 12 जून से 14 जून तक चलने वाले इस आम महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में किया गया।

क्यों खास है आम महोत्सव ?  

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव बेहद खास रहा। क्योंकि यहां विभिन्न राज्यों के आम की कुल 300 प्रजातियों को रखा गया। एक साथ आम की इतनी सारी वैरायटी शायद ही कभी देखने को मिलें। इसलिए आम महोत्सव देखने के लिए अच्छी खासी तादाद में लोग कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे।

गुठलियों से नई वैरायटी होगी तैयार 

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार ने आम की गुठलियों के लाने और इसके भंडारण को लेकर कहा कि आम महोत्सव के आयोजन से जुड़कर साथ काम करने वाली संस्था ने यह अभियान चलाया। जिसका मूल उद्देश्य गुठलियों का संवर्धन करके आम की नई वैरायटी को तैयार करना है। पिछले दो दिनों में 4000 आम की गुठलियां आ चुकी हैं। यह माना जा रहा है कि आज लगभग 2000 आम की गुठलियों और आएंगी। इस तरह लगभग 6000 आम की गुठालियां एकत्रित हो जाएंगी।

अब बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में इन गुठलियों को लगा करके आम की नई वैरायटी के पेड़ तैयार किया जाएंगे। इसमें जो आम बाहर के हैं, उनको भी अपने राज्य के क्लाइमेट के अनुसार तैयार करने की कोशिश की जाएगी। जिससे वैसे आम के पौधों को छत्तीसगढ़ में भी लगाया जा सके। सभी आमों पर क्लाइमेट का प्रभाव थोड़ा अलग होता है, इसलिए उनको यहीं पर संरक्षित किया जाएगा। जिससे आम की प्रजाति को और ज्यादा बढ़ाया जा सके - संजय कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी, कृषि विश्वविद्यालय रायपुर

आम जहां किसानों की आय को बढ़ाने का काम कर रहा है। वहीं लोगों की आर्थिक स्थिति में भी इससे सुधार हो रहा है। लगातार आम की नई-नई प्रजातियां विकसित हो रही हैं। पहले हम कुछ प्रजातियों को जानते थे अब अन्य प्रजातियां भी विकसित की जा रही हैं। यहां पर आम और आम के बने कई अन्य उत्पाद भी रखे गए। इससे पता चलता है कि कैसे आम किसानों के जीवन को आर्थिक उन्नति के साथ आगे बढ़ाने का काम कर रहा है - राम विचार नेताम, कृषि मंत्री, छत्तीसगढ़

आम महोत्सव में बुलाना ऑफर का उद्देश्य 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय आम महोत्सव 2024 में इस बार एक विशेष अभियान चलाया गया। जिसके तहत कोई भी दर्शक अगर पांच आम की गुठली लेकर आता है तो उसे एक आम मुफ्त दिया गया। इस ऑफर की घोषणा के बाद दर्शकों की भीड़ बढ़ी है। यह अभियान प्रकृति की ओर संस्था द्वारा चलाया गया। जिसका मूल उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आम महोत्सव में बुलाना रहा। आम महोत्सव में देखने आने वालों के लिए लाए गए ऑफर के जरिए आम की गुठलियों को एकत्रित किया गया है। अब इन गुठलियों को प्रसंस्कृत करके कृषि वैज्ञानिक आम की नई किस्में तैयार करेंगे।


global news ADglobal news ADglobal news AD