केरल के बाद कर्नाटक-आंध्र प्रदेश में भी मॉनसून की दस्तक, समय से पहले बढ़ रहा आगे


के कुमार आहूजा  2024-06-05 10:04:26



केरल के बाद कर्नाटक-आंध्र प्रदेश में भी मॉनसून की दस्तक, समय से पहले बढ़ रहा आगे

देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का आगमन हो चुका है और यह तेजी से अन्य राज्यों की तरफ बढ़ रहा है। IMD के मुताबिक, अब तक मॉनसून अरब सागर के मध्य में, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में, तेलंगाना के कुछ हिस्सों में और पश्चिम बंगाल के पश्चिमी-मध्य व उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में पहुंच चुका है।

उत्तर भारत के कुछ राज्यों में प्री-मॉनसून गतिविधियां भी देखने को मिल रही है। हालांकि, देश के कुछ हिस्से अभी भी हीटवेव की चपेट में हैं। भीषण गर्मी की वजह से कई लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है। इस बीच मॉनसून के तेजी से बढ़ने की खबर देशवासियों के लिए थोड़ी राहत लेकर आई है।

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में अपने निर्धारित समय से पहले ही 30 मई को पहुंच गया था। वहीं, अब तक मॉनसून तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून 20 जून के आस-पास राजस्थान में पहुँचने की सम्भावना है साथ ही 7 जुलाई तक इसके राजस्थान में बने रहने की सम्भावना जताई जा रही है।


global news ADglobal news ADglobal news AD