सलमान पर हमला करने की साजिश फिर नाकाम, पाकिस्तान से मंगवा रहे थे हथियार; पकड़े गए लॉरेंस गैंग के सदस्य


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा  2024-06-02 06:33:59



सलमान पर हमला करने की साजिश फिर नाकाम, पाकिस्तान से मंगवा रहे थे हथियार; पकड़े गए लॉरेंस गैंग के सदस्य

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लगातार खतरा बना हुआ है। उन पर एक बार फिर से हमला करने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस कोशिश को नाकाम कर दिया। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के अनुसार नवी मुंबई पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य हैं।

कार पर हमला करने की साजिश

रिपोर्ट के अनुसार नवी मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला करने की साजिश रच रहे थे। कार को छलनी करने के लिए पाकिस्तान से सप्लायर के जरिए हथियार मंगवाने की भी साजिश रची जा रही थी। मामले में पुलिस ने अब तक लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़, संपत नेहरा समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 

यह हैं गिरफ्तार आरोपी

बता दें कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनंजय उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ नाहवी, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है।

एके- 47 से कार को छलनी करने की थी साजिश

रिपोर्ट के अनुसार कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि आरोपियों ने फार्म हाउस और कई जगहों की रेकी की थी। इन लोगों को सलमान खान पर एके- 47 सहित कई अन्य हथियारों से फायरिंग करने का आदेश मिला था। पुलिस ने कई वीडियो आरोपियों के मोबाइल से बरामद किए हैं। 

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि अजय कश्यप पाकिस्तान में डोगा नामक एक व्यक्ति के संपर्क में था, जो एम-16, एके-47 और एके-92 खरीदने के लिए काम करता है। 

14 अप्रैल को हुई थी अपार्टमेंट पर फायरिंग

इससे पहले, बीते 14 अप्रैल को भी सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने सुबह पांच बजे फायरिंग की गई थी। दो बाइक से आए हमलावरों ने पांच राउंड फायर किए थे। फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। दो दिन बाद ही फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी पकड़े गए थे। खान को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी।


global news ADglobal news ADglobal news AD