भांग खाए यात्री ने बीच हवा में मचाया गदर, क्रू मेंबर समेत यात्रियों की हलक में अटकी जान


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा  2024-05-27 09:50:32



भांग खाए यात्री ने बीच हवा में मचाया गदर, क्रू मेंबर समेत यात्रियों की हलक में अटकी जान

इंदौर एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए जा रहे एक पैसेंजर ने फ्लाइट में ऐसा तमाशा किया, जिससे सभी की जान पर बन आई। फ्लाइट में बैठा ये पैसेंजर अचानक हवा में ही फ्लाइट का गेट खोलने की कोशिश करने लगा। जिस समय यह घटना हुई उस समय फ्लाइट करीब 25 हजार फीट की ऊंचाई पर थी और उसमें 200 से अधिक यात्री सवार थे। मामले में फ्लाइट में मौजूद कर्मचारियों ने उस पैसेंजर को रोका और हैदराबाद में फ्लाइट लैंड होते ही, हैदराबाद पुलिस को शिकायत कर उसे गिरफ्तार करवा दिया गया।

भांग के नशे में था यात्री

घटना 25 मई की बताई जा रही है, जहां इंदौर से हैदराबाद के लिए इंडिगो फ्लाइट निकली थी। जिसमें हैदराबाद के गाजुलारामरम के चंद्रगिरी नगर का 29 वर्षीय यात्री मौजूद था। बताया जा रहा है कि उसने इंदौर एयरपोर्ट पर भांग का नाश किया और उसके बाद फ्लाइट में आकर बैठ गया। इंदौर से फ्लाइट रवाना होते ही वह असामान्य हरकत करने लगा। जिसके बाद क्रू मेंबर ने उसे दूसरी सीट पर बैठा दिया, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने दोस्तों के साथ बैठने की जिद करने लगा। कुछ देर तक सामान्य व्यवहार करने के बाद जब क्रू मेंबर ढीले पड़ने लगे तो एक यात्री के साथ दुर्व्यवहार भी किया।

हवा में ही खोलने लगा फ्लाइट का गेट

बताया जा रहा है कि जब फ्लाइट हवा में थी। उसी समय बिना किसी कारण के वह फ्लाइट में घूमने लगा। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नहीं माना और जब हैदराबाद में पायलट फ्लाइट की लैंडिंग की तैयारी कर रहे थे। तभी 25 हजार फीट ऊंचाई पर ही फ्लाइट का गेट खोलने लगा। जिसके बाद एयरलाइन स्टाफ और यात्रियों की मदद से उसे रोका गया और कुर्सी पर हाथ पैर बांधकर बैठा दिया। हालाँकि, उसके भाई ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसी के चलते उसने ऐसी हरकतें की। 

इसके बाद केबिन क्रू ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया और हैदराबाद में फ्लाइट लैंड होते ही, उसे गिरफ्तार करवा दिया गया। यात्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 336 और धारा 268 और विमानन अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


global news ADglobal news ADglobal news AD