कैमिकल फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट से लगी आग, सात की मौत, 40 से अधिक घायल (देखें विडियो)


के कुमार आहूजा, कान्ता आहूजा  2024-05-24 17:06:26



कैमिकल फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट से लगी आग, सात की मौत, 40 से अधिक घायल (देखें विडियो)

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोंबिवली में गुरुवार को एक कैमिकल फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट हो जाने से आग लग गई। हादसे में चार कर्मचारियों की मौत हो गई और 30 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना डोंबिवली एमआईडीसी क्षेत्र के फेज-दो स्थित एक कैमिकल फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री के बॉयलर हुए तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर डोंबिवली फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। मंत्री उदय सामंत का कहना है कि केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई है। हालाँकि, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा मृतकों की संख्या चार बताई जा रही है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि इसे एक किलोमीटर दूर तक सुना गया। आसपास की इमारतों की कांच की खिड़कियों में दरारें आ गईं। विस्फोट की वजह से आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इस बारे में एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।

ठाणे नगर निकाय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा कि विस्फोट से लगी आग आसपास की तीन फैक्टरियों में फैल गई और धुएं और आग का गुबार काफी दूर से देखा जा सकता था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ठाणे नगर निकाय के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल की टीमें और ठाणे आपदा प्रतिक्रिया बल के 13 जवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

घटना को दुखद बताते हुए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर कहा है कि परिसर में फंसे आठ लोगों को बचा लिया गया है। घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई है और कई एंबुलेंस को तैयार रखा गया है। उन्होंने कहा कि ठाणे कलेक्टर से इस बारे में चर्चा की गई है और वे भी मौके पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया है।

ताजा जानकारी मिलने तक मृतकों की संख्या साथ पहुँच गई है वहीं 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। 

विडियो लिंक - https://x.com/PTI_News/status/1793567983694201121


global news ADglobal news ADglobal news AD