दूरदर्शन जयपुर के प्रथम समाचार संपादक एम.आर. सिंघवी का निधन


के कुमार आहूजा  2026-10-25 07:10:28



दूरदर्शन जयपुर के प्रथम समाचार संपादक एम.आर. सिंघवी का निधन

 *90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, राष्ट्रपति और राज्यपाल से हो चुके थे सम्मानित* 

दूरदर्शन जयपुर के संस्थापक समाचार संपादक एवं भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एम.आर. सिंघवी का शनिवार को 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वे हृदय संबंधी बीमारी से अस्वस्थ थे. उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह आदर्श नगर मोक्षधाम में होगा। शवयात्रा सुबह 9:30 बजे मालवीय नगर स्थित उनके निवास से रवाना होगी.

पाली जिले के सोजत सिटी में जन्मे सिंघवी ने भारतीय सूचना सेवा में लगभग चार दशक तक सेवाएं दीं. उन्होंने आकाशवाणी जयपुर में समाचार संपादक और दिल्ली स्थित रिसर्च पब्लिकेशन विंग में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया.

वर्ष 1990 में दूरदर्शन जयपुर का समाचार बुलेटिन शुरू होने के दौरान उन्होंने संस्थापक समाचार संपादक के रूप में समाचार व्यवस्था स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई. वे निदेशक (समाचार), दूरदर्शन जयपुर के पद से सेवानिवृत्त हुए. उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार सेवाविस्तार मिला।

पत्रकारिता में योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पत्रकारिता पुरस्कार और राजस्थान के राज्यपाल द्वारा ‘राजस्थान पत्रकारिता गौरव’ सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मानित किया.

उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं. पुत्र रूपेश सिंघवी भारतीय रेल लेखा सेवा के अधिकारी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे में वित्त सलाहकार और मुख्य लेखाधिकारी हैं. ज्येष्ठ पुत्र भूपेश सिंघवी भी पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं.


global news ADglobal news AD