भावुक नदीमुद्दीन ने पुलिस टीम का बार-बार धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस ने बहुत अच्छी सेवा दी और वे बहुत खुश हैं।
किशन कुमार आहूजा क्राइम रिपोर्टर बीकानेर फ्रंटियर 2026-10-23 05:32:12

*जयपुर में पर्यटन सहायता बल बनी सैलानियों की मददगार: बिछड़ा बेटा मिला, छूटी ट्रेन के बाद मिला सहारा, खोया पर्स भी लौटाया*
° हैदराबाद, मुंबई और राजस्थान के पर्यटकों ने पर्यटन पुलिस की सेवा के प्रति जताया आभार
जयपुर, 22 अक्टूबर। राजस्थान में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात राजस्थान पुलिस की पर्यटन सुरक्षा बल (Tourist Assistance Force) लगातार अपनी बेहतरीन कार्यशैली से न केवल कानून व्यवस्था संभाल रही है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल भी पेश कर रही है। इसी क्रम में पर्यटन पुलिस की टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में पर्यटकों को तत्काल मदद उपलब्ध कराई, जिस पर पर्यटकों ने वीडियो संदेश जारी कर पुलिस का आभार जताया।
*आमेर में बिछड़े बेटे को ढूंढकर परिवार से मिलाया*
हैदराबाद से जयपुर घूमने आए अहमद नदीमुद्दीन का बेटा आमेर में भ्रमण के दौरान भीड़ में बिछड़ गया था। सूचना मिलने पर पर्यटन पुलिस की महिला कार्मिकों ने तत्परता से बच्चे की तलाश की और उसे सकुशल पिता से मिलवाया। बेटे के मिलने पर भावुक नदीमुद्दीन ने पुलिस टीम का बार-बार धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस ने बहुत अच्छी सेवा दी और वे बहुत खुश हैं।
*ट्रेन छूटने पर मुंबई के पर्यटकों को दिलाई राहत*
मुंबई से आए पर्यटकों की ट्रेन छूट गई थी और किसी भी ट्रेन में स्थान उपलब्ध नहीं था। ऐसे में पर्यटन पुलिस की कार्मिक रीतू और पर्यटन पुलिस टीम ने उनकी हरसंभव मदद की। उन्होंने आगे की यात्रा के लिए आवश्यक संपर्क और ट्रेन टिकट की व्यवस्था करवाने में सहयोग किया तथा पर्यटकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा। पर्यटकों ने कहा कि वे बाहर से आए होने के कारण स्थानीय जानकारी नहीं रखते थे, ऐसे में पर्यटन पुलिस की टीम का सहयोग उनके लिए बहुत मददगार रहा।
*जंतर मंतर पर खोया पर्स लौटाया*
गुरुवार 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे जंतर मंतर के टिकट काउंटर के पास एक पर्यटक का पर्स खो गया था। पर्यटन पुलिस कर्मियों ने पर्स तलाश कर पर्यटक को बुलाकर उसे सौंप दिया। पर्स वापस मिलने पर पर्यटक ने राजस्थान पुलिस और पर्यटन पुलिस के प्रति गर्व व्यक्त किया और राज्य सरकार से ऐसे पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने की अपेक्षा जताई।
राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन सहायता बल सदैव तत्पर है। पर्यटकों के विश्वास और संतोष से टीम का मनोबल बढ़ता है तथा आगे भी इसी समर्पण से सेवा जारी रखी जाएगी।
*पर्यटकों की सहायता के लिए टूरिस्ट पुलिस स्टेशन, जयपुर के संपर्क नंबर*-
~दूरभाष: 0141-2600336
~ सीयूजी नंबर: 8764868070
~ कंट्रोल रूम: 0141-2388438,
0141-2388430
-----------







